बलरामपुर। जेल में बंद पूर्व सांसद रिजवान जहीर पर प्रशासन ने एनएसए (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) के तहत कार्रवाई की है। रिजवान जहीर को प्रदेश स्तरीय माफिया घोषित करके एनएसए लगाया गया है। प्रशासन ने रिजवान जहीर पर लोक शांति व्यवस्था को प्रभावित करने की आशंका जताई है।
डीएम श्रुति के आदेश पर पुलिस महकमे ने पूर्व सांसद रिजवान जहीर पर एनएसए लगाया है। एसपी राजेश कुमार सक्सेना ने रविवार को बताया कि जिला मजिस्ट्रेट ने 28 मई के अपने आदेश में कहा है कि पूर्व सांसद रिजवान जहीर प्रदेश स्तरीय माफिया अपराधी है। तुलसीपुर के शीतलापुर कस्बे के रहने वाले रिजवान जहीर के कारण न सिर्फ थाना क्षेत्र बल्कि पूरे जिले में शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका है। राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम 1980 की धारा तीन की उपधारा दो के तहत कार्रवाई की गई है। न्यायिक अभिरक्षा में जेल में निरुद्घ रिजवान जहीर को एनएसए की कार्रवाई से संबंधित एक प्रति उपलब्ध करा दी गई है।
गौरतलब हो कि नगर पंचायत तुलसीपुर के पूर्व अध्यक्ष फिरोज पप्पू की हत्या के आरोप में रिजवान जहीर अपने दामाद रमीज के साथ जेल में बंद है। जबकि इसी मामले में जेल में बंद रिजवान जहीर की बेटी जेबा रिजवान की कुछ दिनों पहले ही जमानत हुई है। बीते चार जनवरी को पूर्व चेयरमैन की हत्या के बाद पूर्व सांसद समेत छह लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
पूर्व सांसद की अब तक तुलसीपुर व लखनऊ में 6.88 करोड़ रुपये की संपत्ति भी कुर्क हो चुकी है। इसके साथ ही रिजवान जहीर के आवासीय परिसर व सामने की करीब 25 बीघा जमीन 25 मई को कब्जा मुक्त कराई गई है। ये कार्रवाई सपा के पूर्व विधायक मशहूद खां के भाई अब्दुल महमूद खां की शिकायत पर की गई थी।