बलरामपुर। शहर की बदलती जरूरतों और सुरक्षा के बढ़ते महत्व को देखते हुए नगर पालिका परिषद ने सेफ सिटी योजना के तहत एक अहम कदम उठाया है। इस योजना के जरिए अब शहर के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों का जाल बिछाया जाएगा और एक अत्याधुनिक कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जिससे पूरे शहर की निगरानी संभव हो सकेगी।
करीब 85.98 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित इस योजना में बाजार, चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों को प्राथमिकता दी गई है। इन स्थानों पर लगाए जाने वाले कैमरे हर गतिविधि पर नजर रखेंगे, जिससे न केवल अपराधों पर अंकुश लगेगा, बल्कि लोगों में सुरक्षा की भावना भी मजबूत होगी। नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम से चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई संभव होगी। इससे पुलिस और प्रशासन को भी घटनाओं पर त्वरित प्रतिक्रिया देने में आसानी होगी।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने बताया कि यह योजना शहरवासियों के लिए एक भरोसे का कदम है। हमारा प्रयास है कि बलरामपुर को एक सुरक्षित और व्यवस्थित शहर बनाया जाए, जहां हर नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करे। आधुनिक तकनीक के माध्यम से हम सुरक्षा व्यवस्था को नई दिशा दे रहे हैं।