बलरामपुर स्थित सीएमओ कार्यालय। संवाद
बलरामपुर। संयुक्त जिला अस्पताल में स्वास्थ्य प्रमाणपत्र बनाने में अवैध वसूली की शिकायत पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने कार्रवाई की है। पटल बाबू से स्पष्टीकरण मांगते हुए अस्पताल में स्वास्थ्य प्रमाणपत्र बनाने पर रोक लगा दी है। अब सीएमओ कार्यालय में ही स्वास्थ्य प्रमाणपत्र बनाए जाएंगे।
जिले में नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की नियुक्ति के लिए स्वास्थ्य प्रमाणपत्र बनाना अनिवार्य है। ऐसे में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संयुक्त जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य प्रमाणपत्र बनवाने के लिए जुट रही थीं। भीड़ का फायदा उठाकर पटल बाबू आवेदकों से 300 से 500 रुपये वसूल रही थीं। इसकी शिकायत तमाम आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उच्चाधिकारियों से की थी।
शिकायत को गंभीर मानते हुए मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राजेश कुमार चतुर्वेदी ने पटल बाबू से धनउगाही के संबंध में स्पष्टीकरण मांगते हुए अस्पताल में स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनाने पर रोक लगा दी है। प्राचार्य ने बताया कि स्वास्थ्य प्रमाणपत्र बनाने के लिए चिकित्सकों की टीम बनती है। अस्पताल में बिना आवेदक का स्वास्थ्य परीक्षण किए प्रमाण पत्र बनाए जा रहे थे, जो पूरी तरह से गलत था। अब मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में ही स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे।