फोटो-26-गेस्ट हाउस संचालक को नोटिस देते अग्निशमन प्रभारी ।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। होटल, लॉज, नर्सिंग होम व कोचिंग में आग से बचाव के संसाधनों की जांच के लिए अभियान चलाया जा रहा है। शहर में रविवार को भी जांच अभियान चलाया गया। नगर स्थित त्रिपाठी गेस्ट हाउस, दिनेश लॉज व बालार्क होटल में अग्निसुरक्षा से जुड़े इंतजाम नहीं पाए गए। अग्निशमन विभाग की तरफ से इनके संचालकों को नोटिस दिया गया है।
लखनऊ में हुई अग्निकांड की घटना के बाद जिले में भी सुरक्षा तंत्र को मजबूत बनाने के लिए जिला प्रशासन गंभीर है। तीनों तहसील क्षेत्रों में अलग-अलग टीमें बनाकर होटल, लॉज, नर्सिंग होम, कोचिंग व लाइब्रेरी की जांच कराई जा रही है। तीनों तहसील के एसडीएम के साथ अग्निशमन विभाग के कर्मचारी जांच टीम में शामिल हैं। रविवार को जिला मुख्यालय स्थित त्रिपाठी गेस्ट हाउस, दिनेश लॉज व बालार्क होटल में अग्निसुरक्षा संसाधनों की जांच की गई। यहां फायर फाइटर पाइपलाइन मोटर नहीं पाया गया। इसके अलावा होसरील नहीं मिला। होटल व लॉज के संचालकों को नोटिस देते हुए आग से बचाव के मानकानुसार इंतजाम करने का निर्देश दिया गया है। अग्निशमन प्रभारी अंकित कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर तीनों तहसील क्षेत्रों में अभियान चलाकर जांच की जा रही है। जहां सुरक्षा से जुड़े इंतजाम नहीं मिलते हैं उनके संचालकों को नोटिस दिया जाता है। उन्होंने बताया कि 10 से अधिक होटल संचालकों को नोटिस दिया गया है।