बलरामपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 13 अप्रैल से 206 काउंटरों पर पर्चा दाखिला शुरू हो जाएगा। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कलेक्ट्रेट के चार कमरों में जिला पंचायत सदस्य के दावेदारों का पर्चा दाखिल कराया जाएगा।
जिले के सभी नौ ब्लॉकों में 101 न्याय पंचायतों के 202 काउंटरों पर दावेदारों का पर्चा दाखिल कराया जाएगा। नामांकन स्थलों पर बैरिकेटिंग कराई जा रही है। दावेदारों के साथ सिर्फ दो लोगों को ही पर्चा दाखिल कराने के लिए नामांकन कक्ष में जाने की अनुमति होगी।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2021 में जिला पंचायत सदस्य की 40 सीटों के लिए कलेक्ट्रेट के चार कक्ष में दावेेदारों को नामांकन पत्र दाखिल करने का मौका मिलेगा। एक से 10 वार्ड तक न्यायालय अपर जिला मजिस्ट्रेट के कक्ष संख्या 30, 11 से 20 वार्ड तक अपर जिला मजिस्ट्रेट न्यायिक के कक्ष संख्या 35, 21 से 30 वार्ड तक कक्ष संख्या 36 और 31 से 40 वार्ड तक बंदोबस्त अधिकारी के कक्ष संख्या 41 में जिला पंचायत सदस्य के लिए दावेदारों को नामांकन पत्र भरने का मौका मिलेगा।
जिले के सभी नौ ब्लॉकों में ग्राम पंचायत सदस्य की 10038 सीटों, ग्राम प्रधान की 800 सीटों और क्षेत्र पंचायत सदस्य की 993 सीटों के लिए पर्चा दाखिला कराने की तैयारियां की जा रही हैं। सभी नौ ब्लॉकों में न्याय पंचायतवार काउंटर तैयार कराए जा रहे हैं। प्रत्येक ब्लॉक में दो प्रकार के काउंटरों पर दावेदारों से पर्चा दाखिला कराया जाएगा।
एक काउंटर पर ग्राम पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल कराए जाएंगे जबकि दूसरे प्रकार के काउंटर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए पर्चा दाखिल होगा।
जिले में कुल 800 ग्राम पंचायतों के अधीन 101 न्याय पंचायतें हैं। सदर ब्लॉक के 116 ग्राम पंचायतों में 17 न्याय पंचायतों के लिए 34, हरैया सतघरवा ब्लॉक में 110 ग्राम पंचायतों में 14 न्याय पंचायतों के लिए 28, तुलसीपुर ब्लॉक की 100 ग्राम पंचायतों में 12 न्याय पंचायतों के लिए 24, गैसड़ी ब्लॉक के 115 ग्राम पंचायतों में 13 न्याय पंचायतों के लिए 26 काउंटरों पर पर्चा दाखिला होगा।
पचपेड़वा ब्लॉक के 101 ग्राम पंचायतों में 11 न्याय पंचायतों के लिए 22, उतरौला ब्लॉक के 65 ग्राम पंचायतों में 8 न्याय पंचायतों के लिए 16, गैड़ास बुजुर्ग ब्लॉक के 42 ग्राम पंचायतों में छह न्याय पंचायतों के लिए 12, श्रीदत्तगंज ब्लॉक के 70 ग्राम पंचायतों में 10 न्याय पंचायतों के लिए 20 और रेहरा बाजार ब्लॉक के 81 ग्राम पंचायतों में 10 न्याय पंचायतों के लिए 20 काउंटरों पर पर्चा दाखिला होगा। नगर कोतवाल मानवेंद्र पाठक ने रविवार को सदर ब्लॉक पहुंचकर एडीओ पंचायत अशोक कुमार दूबे से तैयारियों को लेकर चर्चा की।