बलरामपुर। पंचायत उपचुनाव की 55 सीटों के लिए नामांकन बृहस्पतिवार से शुरू होेंगे। इसके लिए आरओ (निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी) व एआरओ (सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी) की तैनाती कर दी गई है।
उपजिला निर्वाचन अधिकारी/ एडीएम वित्त एवं राजस्व प्रदीप कुमार ने बताया कि चार प्रधान, नौ बीडीसी व 42 ग्राम पंचायत सदस्य सीटों पर उप चुनाव कराया जाएगा। पंचायत उप चुनाव में दावेदारों को 22 जुलाई तक नामांकन पत्र दाखिल करने का मौका है। जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर 18 जुलाई से सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक नामांकन पत्र खरीदे व दाखिल किए जा सकेंगे। ग्राम प्रधान व बीडीसी के नामांकन पत्र 300-300 रुपये में और ग्राम पंचायत सदस्य के नामांकन पत्र 150-150 रुपये में मिलेंगे। ग्राम प्रधान व बीडीसी को 2000-2000 रुपये और ग्राम पंचायत सदस्य को 500-500 रुपये जमानत धनराशि जमा करनी होगी। अनुसूचित जाति एवं जनजाति और महिला को दोनों में आधी धनराशि लगानी होगी। प्रधान व बीडीसी सीट पर 75000-75000 रुपये और ग्राम पंचायत सदस्य सीट पर 10000-10000 रुपये नामांकन पत्र लेने के लिए खर्च करने होंगे।
अलग-अलग आरओ व एआरओ तैनात
-सदर ब्लॉक में जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. राहुल गुप्त आरओ व एडीओ सहकारिता आनंद बाबू एआरओ हैं। ब्लॉक हरैया सतघरवा में पशु चिकित्सक डॉ. अनुरूद्ध सिंह निरंजन आरओ व एडीओ सहकारिता जर्नादन प्रसाद यादव एआरओ हैं। तुलसीपुर में जिला दिव्यांग अधिकारी तनुज त्रिपाठी आरओ व एडीओ आईएसबी ताहिर हसन ताबीज एआरओ, गैसड़ी में पशु चिकित्सक डॉ. राजेश कुमार सिंह आरओ व एडीओ आईएसबी विपिन चंद्र भारती एआरओ एवं पचपेड़वा में बीईओ घनश्याम आरओ व एडीओ आईएसबी फैज मसूद एआरओ हैं। ब्लॉक उतरौला में डिप्टी सीवीओ डॉ. आनंद प्रकाश आरओ व एडीओ कृषि रघुनाथ वर्मा एआरओ, गैड़ास बुजुर्ग में पशु चिकित्सक डॉ. विमलेश कुमार आरओ व एडीओ कृषि पंकज कुमार एआरओ व रेहरा बाजार में पशु चिकित्सक डॉ. अवनीश कुमार पांडेय आरओ व एडीओ आईएसबी प्रदीप एआरओ हैं। रिजर्व में डाॅ. सुशील कुमार सिंह व सहायक श्रमायुक्त कुलदीप सिंह को आरओ और बीईओ तुलसीपुर स्वामीनाथ व बीईओ नगर राम कुमार एआरओ हैं।
शांतिपूर्ण ढंग से उपचुनाव कराने का निर्देश
-सभी आरओ व एआरओ को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से उप चुनाव कराने का निर्देश दिया गया है। गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
-पवन अग्रवाल, जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम