बलरामपुर के नगर पालिका परिषद सभागार में मौजूद नवनियुक्त सभासद ।-स्रोत : विभाग
बलरामपुर। आदर्श नगर पालिका परिषद में नामित पांच सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह पालिका सभागार में संपन्न हुआ। जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी हेमंत गुप्ता ने सभी सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नामित सभासद मनोज आर्य, जयंत सिंह धर्मू, सौरभ तुलस्यान, सुनीता मिश्रा व रत्ना श्रीवास्तव ने शपथ लेते हुए नगर एवं वार्डों के विकास में भागीदार बनने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि व सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि प्रदेश सरकार नगर निकायों के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। नगर के विकास और जनहित के कार्यों में कोई कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र ने कहा कि नए सभासदों के जुड़ने से नगर के विकास कार्यों को गति मिलेगी और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने में मदद मिलेगी। नगर पालिका परिषद के चेयरमैन डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने सभी सभासदों से मिलकर कार्य करने की अपील करते हुए साफ-सफाई, जलनिकासी और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही। इस अवसर पर अधिशाषी अधिकारी लाद चंद्र मौर्य, जिला उपाध्यक्ष बृजेंद्र तिवारी, संजय शुक्ल, महामंत्री डॉ. अजय सिंह पिंकू व जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह बैस सहित सभी सभासद मौजूद रहे।