बलरामपुर। मंडलीय जिलों में स्वच्छता के साथ ही विकास कार्य में तेजी लाने का निर्देश देवीपाटन मंडल के आयुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने दिया है। कलेक्ट्रेट सभागार में चार जिलों के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि सड़कों पर छुट्टा पशु न दिखें, उन्हें गो- आश्रय केंद्रों पर संरक्षित किया जाए। वहीं मनरेगा से ग्रामीण विकास के कराए गए कार्यों की भी जांच कराई जाए।
विकास कार्यों में लापरवाही पर खफा दिखे मंडलायुक्त ने कहा कि आंकड़ेबाजी के बजाए धरातल पर काम दिखना चाहिए। उन्होंने कृषि विभाग से बीज के डीबीटी में कम प्रगति पर नाराजगी जताई और निर्देश दिया कि मंडल में विद्युत आपूर्ति में सुधार लाया जाए। उन्होंने चिकित्सकों की उपस्थिति अस्पतालों में सुनिश्चित करने के साथ ही परिषदीय स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता बढ़ाने का निर्देश भी दिया। कहा कि लापरवाही बरतने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई के घेरे में लाया जाए।
उन्होंने कहा की दशहरा व दीपावली के दृष्टिगत अभियान चलाकर आतिशबाजी दुकानों के लाइसेंस की जांच हो। मंडल में कही भी अवैध पटाखों की दुकानें संचालित ना होने पाए। इस अवसर पर डीआईजी अमरेंद्र प्रसाद सिंह, संयुक्त विकास आयुक्त प्रदीप कुमार यादव, जिलाधिकारी बलरामपुर अरविंद सिंह, जिलाधिकारी गोंडा नेहा शर्मा, जिलाधिकारी बहराइच मोनिका रानी, जिलाधिकारी श्रावस्ती कृतिका शर्मा सहित चारों जिलों के एसपी, सीडीओ व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।