फोटो-14-बलरामपुर के तुलसीपुर थाने में मौजूद पकड़े गए अभियुक्त व बरामद बाइक।-स्रोत:विभाग
तुलसीपुर। पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के एक नेपाली सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर तुलसीपुर क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों से मोटरसाइकिलें चोरी कर उन्हें नेपाल में बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
क्षेत्राधिकारी अभय प्रताप मल्ल ने बताया कि गनवरिया तिराहे के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान नेपाल के कपिलवस्तु जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कडिहार गांव निवासी सूरज को दो चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक अन्य मोटरसाइकिल को पहले पुलिस चेकिंग के दौरान तुलसीपुर क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गया था। उसकी निशानदेही पर वह मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी और उसके साथी पहले भी तुलसीपुर क्षेत्र से तीन मोटरसाइकिलें चोरी कर नेपाल में बेच चुके हैं। इस खुलासे के बाद पुलिस ने पहले से दर्ज दो मुकदमों में आरोपी व उसके साथियों के नाम शामिल करते हुए संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की है।
बरामद तीन मोटरसाइकिलों में एक हीरो स्प्लेंडर सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र से तथा दूसरी हीरो स्प्लेंडर अयोध्या से चोरी की गई थी। तीसरी प्लेटिना मोटरसाइकिल के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है। पुलिस आरोपी के अन्य साथियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।