बलरामपुर। सड़क सुरक्षा माह के तहत एमएलके महाविद्यालय के एनसीसी कैडेटों ने रविवार को नगर के मुख्य चौराहों पर अभियान चलाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। बाइक चालकों को हेलमेट व चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का प्रयोग करने के लिए प्रेरित भी किया। इस दौरान लोगों को कोरोना से बचाव के लिए मास्क लगाने का सुझाव दिया।
एमएलके महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आरके सिंह के निर्देशन एवं एनसीसी प्रभारी डॉ. देवेंद्र कुमार चौहान के संयोजकत्व में एनसीसी के कैडेटों ने नगर के वीर विनय चौराहा व झारखंडी रेलवे क्रासिंग सहित अन्य चौराहों पर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता अभियान चलाया। कैडेटों ने लोगों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए बाइक चालकों को ट्रिपलिंग न करने और हेलमेट का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया।
चार पहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का प्रयोग करने की अपील की। इस दौरान एनसीसी के सीनियर अंडर आफिसर शिवम दीक्षित, नीरज शुक्ला, सचिन पाठक व सतीश मिश्रा आदि कैडेटों ने बगैर हेलमेट के बाइक चलाने वालों से आगे से ऐसा नहीं करने का घोषणा पत्र भी भरवाया।
कोरोना से बचने के लिए कोविड प्रोटोकाल का पालन करने तथा मास्क लगाने का सुझाव भी दिया गया। इस अवसर पर यातायात पुलिस के एसआई वीरेंद्र यादव, सुभाष चंद्र, महादेव, जर्नादन प्रसाद, अनूप पांडेय, सत्य प्रकाश, राजू यादव, आक्रोश पांडेय व मारकण्डेय मिश्र आदि मौजूद रहे।