बलरामपुर। देवीपाटन प्रीमियर लीग का उद्घाटन स्पोर्टस स्टेडियम में हुआ। सोमवार को खेले गए उद्घाटन मैच को जीतकर नवानगर नाइट राइडर्स की टीम ने अगले दौर में प्रवेश कर लिया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार नवानगर के गेंदबाज अनुराग चौधरी को दिया गया।
देवीपाटन प्रीमियर लीग का उद्घाटन सदर विधायक पल्टूराम एवं नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि शाबान अली ने दीप प्रज्जवलित कर किया। उद्घाटन मैच सोमवार को बसंल स्पोटर्स कैपिटल एवं नवानगर नाइट राइडर्स के बीच खेला गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच शुरू कराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बंसल स्पोटर्स कैपिटल की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 132 रन बनाए।
नवानगर नाइट राइडर्स के गेंदबाज अनुराग ने चार ओवरों में 20 रन देकर तीन विकेट हासिल किया। 133 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नवानगर नाइट राइडर्स की टीम ने साबिर हुसैन के 42, रवि शुक्ला के 30 व अनुराग के 18 रनों की बदौलत 19.5 ओवरों में 4 विकेट पर 135 रन बनाकर मैच जीत लिया। मैच में तीन विकेट लेने तथा 18 रन बनाने पर अनुराग को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।