बलरामपुर। देवी मंदिरों व दुर्गा पूजा पंडालों में रविवार को भक्तों का तांता लगा रहा। भोर से ही देवी मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की कतारें लग गईं। भक्तों ने विधि विधान से पूजन कर माता के जयकारे लगाए। जिले के कई कालीथान पर सिद्घि प्राप्त करने के लिए साधकों ने देर रात तक साधना की।
पूजा पंडालों में देवी भगवती के विभिन्न स्वरूपों के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ रही। शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में आदिशक्ति मां पाटेश्वरी की पूजा-अर्चना के लिए भोर से ही श्रद्धालु कतारबद्ध रहे। मां पाटेश्वरी का दर्शन करने वाले भक्तों के साथ ही मंदिर में बच्चों का मुंडन, कर्णछेदन, जनेऊ आदि संस्कार कराने के लिए भी भीड़ रही।