बलरामपुर। गणतंत्र दिवस पर धुसाह स्थित रोटरी मेडिकल सेंटर में सम्मान समारोह एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रोटरी क्लब ने सेवानिवृत्त सैनिकों, एसएसबी 50वीं वाहिनी के डिप्टी कमांडेंट एवं संयुक्त जिला चिकित्सालय के सीएमएस को सम्मानित करने के साथ ही टीबी के दो मरीजों को गोद लिया। अमर उजाला फाउंडेशन एवं रोटरी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में 13 लोग रक्तदान कर महादानी बने।
सम्मान समारोह एवं रक्तदान शिविर का शुभारंभ संयुक्त जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. प्रवीण कुमार ने किया। इससे पहले रोटरी क्लब के अध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह ने ध्वजारोहण किया। रोटरी क्लब के पदाधिकारियों ने एसएसबी 50वीं वाहिनी के डिप्टी कमांडेंट विकास कुमार, डॉ. प्रवीण कुमार, सेवानिवृत्त सैनिक दबीरुल हसन सिद्दीकी व सुरेंद्र यादव को प्रशस्ति पत्र व अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।
अमर उजाला फाउंडेशन व रोटरी क्लब की ओर से आयोजित शिविर में अभिषेक सिन्हा, शिवभूषण, आलोक अग्रवाल, सिमरनजीत, पम्मी गांधी, नवीन सिंह, देवेश, अभिमन्यु, मलखान, आशीष कुमार, मोहित, अरुणा, डॉ. ज्ञान प्रकाश व सुरेश ने रक्तदान किया। सीएमएस ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। अमर उजाला फाउंडेशन व रोटरी क्लब का यह कार्यक्रम सराहनीय है। अन्य संस्थाओं को भी ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करना चाहिए। इस अवसर पर रोटरी क्लब के सचिव सुशील अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अमरजीत सिंह बिट्टू, डॉ. वाईपी गुप्ता, राजेंद्र कृष्ण श्रीवास्तव, ताराचंद्र अग्रवाल व अजय श्रीवास्तव सहित तमाम रोटेरियन मौजूद रहे।