बलरामपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की वर्ष 2027 की पूर्व मध्यमा प्रथम से उत्तर मध्यमा द्वितीय स्तर तक की परीक्षाओं के लिए जिले में परीक्षा केंद्र निर्धारित कर दिया गया है। जिला स्तरीय समिति ने एमपीपी इंटर कॉलेज बलरामपुर को संस्कृत बोर्ड परीक्षा का केंद्र बनाया है।
विज्ञापन
जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद ने बताया कि शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) एवं उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की तरफ से जारी परीक्षा केंद्र निर्धारण नीति के तहत यह प्रक्रिया पूरी की गई है। परिषद की वर्ष 2027 की परीक्षाओं के लिए जारी दिशा-निर्देशों के तहत जिला स्तरीय समिति ने केंद्र का निर्धारण किया है। निर्धारित परीक्षा केंद्र के संबंध में यदि किसी विद्यालय को कोई आपत्ति या प्रत्यावेदन प्रस्तुत करना है तो इसके लिए तीन दिन का समय दिया गया है। संबंधित विद्यालयों को अपनी आपत्ति निर्धारित समय के भीतर अपने विद्यालय के माध्यम से जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय तक पहुंचानी होगी। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।