बलरामपुर के संयुक्त अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस के बाहर परिजनों से मुलाकात करते सदर विधायक पल्ट
बलरामपुर। बहन के घर सकट का सामान देकर घर लौट रहे कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम पानन कुइयां निवासी दो सगे भाइयों की मौत से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा गया है। मां और तीन छोटी बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर पर संवेदना जताने वालों का तांता लग गया है।
स्व. राम भवन के पुत्र संदीप व धीरेंद्र शुक्ल बुधवार को अपने स्वर्गवासी बहन निधि के घर सकट का सामान देकर गांव लौट रहे थे। उतरौला-बलरामपुर मार्ग पर गोंदीपुर गांव के पास तेज रफ्तार कार से टकराने पर दोनों भाइयों की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। पुत्रों की मौत पर मां श्याम कली रोते-रोते बदहवास हो गईं। छोटी बहन अंतिमा, निशा व सुधा भी रो-रोकर कह रही थीं कि अब वे किसे राखी बांधेंगी। हम लोग किसके सहारे जीवन यापन करेंगे।
बड़ा भाई जेल में
मृतक संदीप व धीरेंद्र शुक्ल का बड़ा भाई कुलदीप चंडीगढ़ जेल में करीब तीन माह से बंद है। कुलदीप चंडीगढ़ में ऑटो चलाता था। वहां एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी के घर में विस्फोट हो गया था। कुलदीप पर आरोप है कि पुलिस अधिकारी के घर जिन लोगों ने विस्फोट किया था वह कुलदीप के ऑटो में ही बैठकर गए थे। इसी आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर उसे जेल भेजा है।
परिजनों से मिले विधायक
दो सगे भाइयों की मौत की सूचना मिलने पर सदर विधायक पल्टूराम बृहस्पतिवार को संयुक्त जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्ति करते हुए पीड़ित परिवार को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।