सादुल्लाहनगर (बलरामपुर)। बैंक ग्राहक की तहरीर पर स्थानीय थाने की पुलिस ने कर्मियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। बैंक ग्राहक ने खाते में पैसा न जमा करने का कर्मियों पर आरोप लगाया है।
प्रभारी निरीक्षक सादुल्लाहनगर थाना अनिल कुमार यादव ने बुधवार को बताया कि ग्राम सादुल्लाहनगर निवासी शिव कुमार ने तहरीर में कहा है कि उसने इलाहाबाद बैंक की शाखा में न्यू बीपी इलेक्ट्रिकल सेल्स एवं सर्विस फर्म के नाम से सात लाख रुपये का सीसी लिमिट खुलवाया था। शिव कुमार ने इस खाते में चार जून 2019 को ढाई लाख रुपये जमा कराया था।
शिव कुमार का आरोप है कि उनके मोबाइल पर मात्र 50 हजार रुपये जमा करने का मैसेज आया जबकि बैंक कर्मचारियों से काफी कहासुनी के बाद भी खाते में बाकी बचा दो लाख रुपया जमा नहीं किया गया है। इसके बाद शिव कुमार ने 4,30,000 रुपया 25 जुलाई 2019 को इसी खाते में जमा कराया लेकिन शिव कुमार के मोबाइल पर पैसा जमा होने का कोई मैसेज नहीं आया।
शिव कुमार ने जब काफी दिनों तक चक्कर लगाया तब 19वें दिन उनके खाते में पैसा जमा किया गया। इन्हीं सब आरोप को लेकर शिव कुमार ने थाने में तहरीर दी है। शिव कुमार की तहरीर पर बैंक कर्मियों के खिलाफ गैर नामजद केस दर्ज किया गया है। मामले की छानबीन कराई जा रही है।