बलरामपुर। मोहल्ला कक्षाएं चलाने वाले जिले के 25 वालेंटियर्स को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम श्रुति ने मंगलवार को टेबलेट दिया है। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सभी वालेंटियर्स के कार्यों की सराहना की।
डीएम ने कहा कि वालेंटियर्स बेहतरीन कार्य कर रहे हैं। ऐसे बच्चों को जो शिक्षा की धारा से दूर है उन्हें जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। पिरामल फाउंडेशन के प्रोग्राम मैनेजर विवेक राणा ने कहा कि नीति आयोग की सहयोगी संस्था पिरामल फाउंडेशन की तरफ से जिले में सक्षम बिटिया अभियान चलाया जा रहा है।
गांव व कस्बों के वालेंटियर्स तीन से 16 साल तक के बच्चों को निशुल्क शिक्षा प्रदान कर रहे है। इस अभियान में ऐसे बच्चों पर फोकस किया जा रहा है जो विद्यालय नहीं जा पा रहे है। सभी वालेंटियर्स अभिभावकों को बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित भी कर रहे है।
सक्षम बिटिया अभियान के तहत 25 वालेंटियर्स मोहल्ला कक्षाएं चला रहे हैं जिन्हें डीएम ने टेबलेट प्रदान किया है। मौके पर बीएसए डॉ. रामचंद्र, डीपीओ केएम पांडेय, डीआईओएस गोविंद राम, अरुण कुमार, अंकित श्रीवास्तव, ज्ञानेंद्र पाठक व सलमानुद्दीन खान मौजूद रहे।