महराजगंज तराई (बलरामपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अमरहवा में रविवार भोर मोबाइल में विस्फोट होने से कपड़ों में आग लग गई। आग लगने से 25 हजार नकदी व जेवरात जलकर खाक हो गए।
ग्रामवासी उजागर ने बताया कि गांव में तीन दिन से बिजली नहीं आ रही थी। गर्मी के कारण परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर छत पर सोने चले गए। सोने से पहले स्मार्ट फोन संदूक पर रख दिया था। सुबह आठ बजे विस्फोट की आवाज सुनकर नीचे आए तो मोबाइल फटकर बिखरा हुआ था और धुंआ उठ रहा था। मोबाइल में विस्फोट होने से संदूक पर रखे कपड़ों में आग लग गई। आग लगने से उसमें रखे जेवरात व 25 हजार नकदी जलकर खाक हो गई। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रफीक ने मामले की जानकारी एसडीएम तुलसीपुर विनोद कुमार सिंह को दी है।