बलरामपुर। बीते दिनों पॉजिटिव मिले बैंक कर्मी की पत्नी व भाई का कोरोना रिपोर्ट शनिवार की रात पॉजिटिव पाया गया है। दोनों लोगों को इलाज के लिए जिला मेमोरियल चिकित्सालय स्थित लेवल 1 हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया है। दोनों लोगों के कांटेक्ट की तलाश शुरु कर दी गई है। जिले में कोरोना के एक्टिव केस 24 हो गए है।
एसीएमओ डॉ. बीपी सिंह ने बताया कि कुछ दिनों पहले नगर स्थित एक बैंक का कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। बैंक कर्मी के पॉजिटिव पाए जाने पर उसके परिजनों का सैंपल भी जांच के लिए लखनऊ भेजा गया था। शनिवार की रात आई कोरोना रिपोर्ट में बैंक कर्मी की पत्नी व भाई पॉजिटिव पाया गया है। पॉजिटिव पाए जाने पर दोनों लोगों को इलाज के लिए लेवल 1 हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया है। दोनों लोगों के कांटेक्ट की तलाश शुरु कर दी गई है। इन लोगों के संपर्क में जो लोग भी आए होंगे उनका जल्द ही सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा।
10 कोरोना मरीज हुए स्वस्थ
लेवल 1 हॉस्पिटल में भर्ती 10 कोरोना मरीजों की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव प्राप्त हुई है। स्वस्थ होने पर इन मरीजों को सुरक्षा किट व राशन देकर घर भेज दिया गया है। इन लोगों को कम से कम 14 दिनों तक होम क्वारंटीन रहने का निर्देश दिया गया है। एसीएमओ डॉ. बीपी सिंह ने बताया कि जिले में कोरोना के पॉजिटिव केस 114 हो गए है। 87 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके है। तीन लोगों की मौत हो चुकी है। इस समय जिले में कोरोना वायरस के एक्टिव केस 24 है।