फोटो-26-बलरामपुर के एमएलके में ट्राफी के साथ खुशी का इजहार करते खिलाड़ी।-स्रोत: महाविद्यालय
बलरामपुर। मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालयीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में एमएलके पीजी कॉलेज बलरामपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष वर्ग में द्वितीय स्थान हासिल किया। शुक्रवार को रघुकुल महिला विद्यापीठ, गोंडा में आयोजित प्रतियोगिता में महाविद्यालय की टीम ने रजत पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया।
महाविद्यालय के क्रीड़ाध्यक्ष डॉ. बीएल गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता में महाविद्यालय की महिला एवं पुरुष टीम ने प्रियांश पांडेय के नेतृत्व में प्रतिभाग किया। पुरुष वर्ग की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
टीम की इस उपलब्धि पर प्राचार्य प्रो. जेपी पांडेय ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और संघर्षशीलता का विकास होता है। उन्होंने इस सफलता को खिलाड़ियों के परिश्रम, समर्पण और नियमित अभ्यास का परिणाम बताते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
सह क्रीड़ा अध्यक्ष कृतिका तिवारी ने भी खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि अंतर महाविद्यालयीय प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त करना महाविद्यालय के लिए गर्व की बात है। खिलाड़ियों के मार्गदर्शन और तैयारी में डॉ. जितेंद्र कुमार, डॉ. अजहरुद्दीन, डॉ. प्रखर त्रिपाठी और डॉ. श्रीनारायण सिंह का विशेष सहयोग रहा।