फोटो-32-मांग पत्र सौंपते तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ।-स्रोत: स्वयं
तुलसीपुर। नगर के नई बाजार मोहल्ले में लंबे समय से बनी लो वोल्टेज और बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या के समाधान की दिशा में पहल हुई है। विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने लखनऊ में मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक से मुलाकात कर नई बाजार की विद्युत आपूर्ति चीनी मिल परिसर स्थित नवनिर्मित विद्युत उपकेंद्र से जोड़ने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
विधायक ने बताया कि वर्तमान में नई बाजार क्षेत्र को ईटई मैदा स्थित श्रीदत्तगंज बाजार विद्युत उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति की जा रही है। उपकेंद्र की दूरी अधिक होने के कारण उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग और अनियमित बिजली आपूर्ति जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसका असर घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों पर भी पड़ रहा है।
उन्होंने प्रबंध निदेशक को बताया कि तुलसीपुर चीनी मिल परिसर में स्थापित नया विद्युत उपकेंद्र काफी समय से संचालित है और पुरानी बाजार सहित आसपास के कई क्षेत्रों को वहां से बेहतर एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल रही है। ऐसे में जनहित को देखते हुए नई बाजार मोहल्ले को भी इसी उपकेंद्र से जोड़ना व्यावहारिक और आवश्यक है। इससे क्षेत्र के उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण, पर्याप्त व निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी।