बलरामपुर। वर्ष 2026-27 की अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज खेल प्रतियोगिताओं के लिए जिला, मंडलीय एवं प्रदेश स्तरीय चयन प्रक्रिया का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। जिला स्तरीय ट्रायल छह अगस्त को शाम तीन बजे से स्पोर्ट्स स्टेडियम, बलरामपुर में आयोजित होगा। यहां चयनित खिलाड़ी 12 व 13 अगस्त को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, देवीपाटन मंडल (गोंडा) में होने वाले मंडलीय ट्रायल में भाग लेंगे।
जिला क्रीड़ा अधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि ट्रायल के आधार पर अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज प्रतियोगिताओं के लिए प्रदेशीय टीम का चयन किया जाएगा। प्रतिभागियों को अपने विभाग से जारी कार्यमुक्ति (रिलीविंग) प्रमाणपत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
जिला स्तरीय ट्रायल में टेनिस, वॉलीबॉल, तैराकी, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कबड्डी, शतरंज, भारोत्तोलन एवं बेस्ट फिजिक, एथलेटिक्स, फुटबॉल, कैरम, ब्रिज, कुश्ती, पावरलिफ्टिंग, क्रिकेट, हॉकी, खो-खो और योगासन सहित 19 खेलों में खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
मंडलीय ट्रायल 12 व 13 अगस्त को आयोजित होंगे, जबकि प्रदेश स्तरीय ट्रायल 19 व 20 अगस्त को प्रदेश के विभिन्न जनपदों में होंगे। चयन प्रक्रिया में पहले फिजिकल टेस्ट लिया जाएगा। इसमें न्यूनतम 14 अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभागी ही स्किल टेस्ट में शामिल हो सकेंगे। जिला स्तर पर फिजिकल एवं स्किल टेस्ट में सफल खिलाड़ी ही मंडलीय ट्रायल के लिए पात्र होंगे।
चयन एवं ट्रायल में केवल राज्य सरकार के विभागों के अधिकारी और कर्मचारी ही भाग ले सकेंगे। स्वायत्तशासी संस्थाओं, परिषदों, बोर्डों, नगर निगमों, पंचायतों, पुलिस विभाग के कर्मचारियों तथा अध्यापकों एवं सहायक अध्यापकों को इसमें भाग लेने की अनुमति नहीं होगी।