बलरामपुर। पारिवारिक विवादों में छोटी-छोटी गलतफहमियां कई बार परिवारों के बिखरने की वजह बन जाती हैं। रिश्तों में इतनी दूरियां पैदा हो जाती हैं कि पति-पत्नी अलग रहने को मजबूर हो जाते हैं। ऐसे ही पांच मामलों में परिवार परामर्श केंद्र ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत कराई और आपसी सहमति से विवाद सुलझाने में सफलता हासिल की। रविवार को महिला थाने में आयोजित बैठक में पांच दंपतियों के बीच सुलह कराई गई।
पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि जिले के विभिन्न थानों से आए पारिवारिक और दांपत्य विवादों से संबंधित मामलों की सुनवाई की गई। परामर्शदाताओं ने पति-पत्नी को पहले अलग-अलग और फिर एक साथ बैठाकर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान दोनों पक्षों को महिला संबंधी कानूनों, घरेलू हिंसा से संरक्षण, भरण-पोषण और बच्चों के भविष्य से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी गई।
उन्हें समझाया गया कि पति-पत्नी के बीच होने वाले विवाद का असर केवल उनके रिश्ते तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे बच्चों और पूरे परिवार का भविष्य भी प्रभावित होता है। काउंसलिंग के बाद पांचों मामलों में दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी गलतियां स्वीकार करते हुए साथ रहने पर सहमति जताई।
सुलह वाले मामलों में गैंसड़ी, पचपेड़वा, उतरौला और महराजगंज तराई थाना क्षेत्रों के दंपती शामिल रहे। इस दौरान परिवार परामर्श केंद्र के परामर्शदाता अरुण कुमार यादव, तनवीर जहां और देवतादीन दूबे के साथ प्रभारी महिला थानाध्यक्ष पूनम यादव, महिला आरक्षी गुलअफशां बानो और स्वाती का योगदान रहा।