बलरामपुर। सादुल्लानगर क्षेत्र में कोल्ड ड्रिंक व पैसों की लालच देकर एक नाबालिग बालक के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी जन्मदिन समारोह में पहुंचे बालक को कोल्ड ड्रिंक और पैसे का लालच देकर साथ ले गए और गांव के बाहर जंगल में वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
एएसपी विशाल पांडेय ने बताया कि गत दो जून को नाबालिग बालक गांव में आयोजित एक जन्मदिन समारोह में शामिल होने गया था। समारोह के दौरान ही कुछ युवकों ने उसे अपने झांसे में लिया और कोल्ड ड्रिंक पिलाने तथा पैसे देने का लालच देकर मोटरसाइकिल से गांव के बाहर स्थित जंगल में ले गए। वहां उसके साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और किसी को घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद डरे-सहमे बालक ने परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र वर्मा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। बुधवार को टीम ने दो आरोपी मो. फरहान व अफसर रजा निवासी रानीपुर सादुल्लाहनगर को गिरफ्तार कर लिया। मामले में नामजद तीसरे आरोपी अब्दुल जाहिद की तलाश की जा रही है।
लोगों में बढ़ रहा आक्रोश
मामला दो समुदायों के बीच का होने के कारण लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नाबालिग से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जा रही है और दोषियों के कड़ी वैधानिक कार्रवाई होगी।