फोटो-29-बलरामपुर के डिहवा में प्रदर्शन करते ग्रामीण ।-संवाद
जरवा। विकासखंड तुलसीपुर के ग्राम चौहत्तर कला के मजरा डिहवा को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाला रास्ता तालाब की पटरी पर लगातार हो रहे कटान के कारण बंद होने की कगार पर पहुंच गया है। परेशान ग्रामीणों ने जनसुनवाई पोर्टल और जिलाधिकारी को स्पीड पोस्ट के माध्यम से शिकायत भेजकर समाधान की मांग की है।
सुभद्रा, मन्ना, रामगुन, कपिलदेव, गुल्ले, निब्बर, रोहित, सुनील, सुकई, फेरन आदि ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर कहा कि डिहवा से चौहत्तर कला और मुख्य सड़क तक पहुंचने का यह एकमात्र निकट मार्ग है, जिससे होकर लोग तहसील, ब्लॉक और जिला मुख्यालय आते-जाते हैं। गांव के पुराने लगभग 30 फीट गहरे तालाब की पटरी पर मिट्टी कटान होने से जल निकासी के लिए लगाए गए ह्यूम पाइप भी क्षतिग्रस्त होकर बिखर गए हैं। ग्रामीणों ने कटान प्रभावित स्थान पर मिट्टी पटान कराने तथा तालाब किनारे सुरक्षा दीवार बनवाने की मांग की है।
कार्ययोजना तैयार शीघ्र बनेगी दीवार
रोजगार सेवक राम निवास यादव ने बताया कि इस संबंध में कार्ययोजना तैयार की जा चुकी है और कटान वाले स्थान पर मिट्टी पटान कराकर मार्ग को समतल कराया जाएगा। खंड विकास अधिकारी सुनील आर्य ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर सचिव से रिपोर्ट ली गई है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा दीवार बनने से कटान की समस्या पर स्थायी नियंत्रण होगा और शीघ्र ही आवश्यक कार्य कराया जाएगा।