बलरामपुर। महाराष्ट्र, दिल्ली, पंजाब व केरल आदि प्रदेशों में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। इन स्थानों से आने वाले यात्रियों की स्टेशनों पर ही जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट निगेटिव मिलने पर भी बाहर से आने वाले यात्रियों की निगरानी की जा रही है। कोरोना संक्रमण का फैलाव रोकने के लिए ढाबा, होटल व मिठाई की दुकानों पर फोकस सैंपलिंग कराई जा रही है।
एसीएमओ व नोडल डा. एके सिंघल ने शनिवार को बताया कि महाराष्ट्र, दिल्ली, पंजाब व केरल आदि प्रदेशों में कोरोना का संक्रमण एक बार फिर तेजी से बढ़ रहा है। इन प्रदेशों से आने वाले यात्री जिले में कोरोना कैरियर न बने इसके लिए प्रशासन के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग की तरफ से भी पूरी तरह से सतर्कता बरती जा रही है।
महाराष्ट्र, दिल्ली व पंजाब से आने वाले यात्रियों की जांच के लिए जिले के बलरामपुर रेलवे स्टेशन, झारखंडी रेलवे स्टेशन एवं तुलसीपुर रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्य विभाग की टीम लगाई गई है।
साथ ही साथ बस स्टेशन पर भी यात्रियों की जांच के लिए तीन शिफ्ट में कर्मचारी तैनात किए गए हैं। शनिवार को तुलसीपुर रेलवे स्टेशन पर मुंबई से आए 72 यात्रियों की जांच की गई। इससे पूर्व भी बलरामपुर, झारखंडी व तुलसीपुर रेलवे स्टेशन पर 76 यात्रियों की जांच की जा चुकी है।
सभी यात्रियों की रिपोर्ट निगेटिव मिली है। रिपोर्ट निगेटिव मिलने के बाद यात्रियों को कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन करने का निर्देश देते हुए घर भेज दिया गया है। सभी यात्रियों की निगरानी की जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि फोकस सैंपलिंग के लिए ढाबा, होटल व मिठाई की दुकानों के साथ-साथ भीड़-भाड़ वाले स्थानों को चिह्नित किया गया है। ऐसे स्थानों से सैंपल लेकर जांच की जा रही है। जनपदवासियों को घर से बाहर निकलने पर मास्क लगाने एवं कोविड-19 का पालन करने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है।