-बलरामपुर के जिला मेमोरियल अस्पताल में लगी मरीजों की भीड़ ।-संवाद
बलरामपुर। जिला मेमोरियल अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा नहीं है। मशीन की व्यवस्था न होने से अल्ट्रासाउंड जांच कराने के लिए मरीजों को परेशान होना पड़ता है। विभागीय अधिकारियों के ध्यान न देने से मरीज बाहर निजी केंद्रों पर जांच कराने को मजबूर हैं।
जिला मुख्यालय स्थित मेमोरियल अस्पताल में प्रतिदिन 270 से 300 मरीज इलाज कराने के लिए आते हैं। इनमें से 100 से 110 मरीज पेट की बीमारियों से प्रभावित रहते हैं। पेट की बीमारी वाले मरीजों को चिकित्सक अल्ट्रासाउंड जांच तो लिख जाते हैं, लेकिन अस्पताल में मशीन न होने से मरीजों को निजी केंद्रों पर रुपये खर्च करने पड़ते हैं।
अस्पताल में मौजूद यशोधन ने बताया कि उनके पेट में कई दिनों से दर्द हो रहा है। चिकित्सक को दिखाया तो अल्ट्रासाउंड जांच लिख दी है। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच नहीं होती है। अब बाहर से जांच करानी पड़ेगी। रामप्रसाद वर्मा ने बताया कि बेटे की अल्ट्रासाउंड जांच कराने आया था। मेमोरियल अस्पताल में मशीन ही नहीं है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शारदा रंजन ने बताया कि अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन की व्यवस्था कराने के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा गया है। स्वीकृति मिलने पर मशीन की व्यवस्था कराई जाएगी।
निजी केंद्र संचालकों को मिलता है फायदा
जिला मेमोरियल अस्पताल के चिकित्सक मशीन की व्यवस्था न होने के बावजूद मरीजों को अल्ट्रासाउंड जांच लिख देते हैं। मरीज मजबूर होकर अस्पताल के सामने संचालित निजी केंद्रों पर अल्ट्रासाउंड कराते हैं। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा न होने से निजी केंद्र संचालकों को फायदा मिलता है।