बलरामपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तिथियों पर भले ही अभी संशय हो, लेकिन तैयारियां तेज हो गई हैं। चुनाव से पहले जिले में मतदाताओं की स्थिति तेजी से साफ होती जा रही है। मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के बाद जनपद 793 पंचायतों में अब 17,55,567 मतदाताओं की सूची पंचायत चुनाव के लिए तैयार है। अब लोगों की नजर 28 फरवरी को जारी होने वाली मतदाता सूची पर टिकी है। इसी के साथ पंचायत चुनाव की तैयारी पूरी हो जाएगी।
पूरे अभियान में 2,59,853 नए नाम जोड़े गए। इसके साथ ही मृत्यु, स्थानांतरण और अन्य कारणों से 1,67,021 नाम सूची से हटाए गए, जिससे मतदाता सूची दुरुस्त की गई है। इस तरह वास्तविक रूप से मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान जिले में 92,832 नए पात्र मतदाता जुड़े हैं। यह युवा मतदाता हैं जो पहली बार पंचायत चुनाव में मतदान करेंगे।
वहीं 39,821 मतदाताओं के विवरण में सुधार किया गया। ब्लॉकवार स्थिति देखें तो मतदाताओं का संतुलन भी साफ नजर आता है। बलरामपुर ब्लॉक में कुल मतदाता संख्या 2.77 लाख के पार पहुंच चुकी है। हर्रैया में 2.31 लाख, तुलसीपुर में 2.20 लाख, गैसड़ी में 1.96 लाख, पचपेड़वा में 1.80 लाख, उतरौला में 1.50 लाख और रेहरा बाजार में 2.01 लाख मतदाता पंजीकृत हैं।
युवा मतदाताओं में कई पहली बार चुनाव लड़ने की तैयारी में
पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में युवा मतदाताओं की दखल बढ़ी है, जिसका असर पंचायत चुनाव में देखने को मिलेगा। अभी से ही ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं के बैनर व पोस्टर लगने लगे हैं। प्रधान पद के साथ ही जिला पंचायत चुनाव में युवा पूरे दमखम से उतरने की तैयारी में हैं। राजनीतिक विशेषज्ञ नरेंद्र सिंह कहते हैं कि जिला पंचायत चुनाव पर बड़े नेताओं की नजर है लेकिन इस बार युवाओं के आगे आने से चुनावी तस्वीर बदली नजर आएगी। सेवानिवृत्त एडीओ पंचायत आरपी शुक्ल ने कहा कि मतदाता सूची में युवाओं ने रुचि दिखाई है, इससे माना जा रहा है कि पंचायत की सियासत में बड़ा बदलाव होगा।