बलरामपुर। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चंद्र श्रीवास्तव को मांगपत्र सौंपकर शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग की। पदाधिकारियों ने शिक्षकों की लंबित समस्याओं से अवगत कराते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
मंडलीय महामंत्री के. अरुण कुमार मिश्र के नेतृत्व में सौंपे गए मांगपत्र में नगर क्षेत्र बलरामपुर और उतरौला के शिक्षकों की वरिष्ठता सूची जारी कर पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी कराने की मांग की गई। इसके अलावा जनपद के परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए निर्धारित शुल्क माफ करने का मुद्दा भी उठाया गया।
संघ के पदाधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्र के शिक्षकों की वरिष्ठता सूची में मौजूद विसंगतियों को दूर करने की मांग की। साथ ही परिषदीय विद्यालयों के एक ही परिसर में संचालित एक से अधिक विद्यालयों की व्यवस्था पर ध्यान देने की बात कही, ताकि शिक्षकों और विद्यार्थियों के अनुपात में सुधार किया जा सके।
पदाधिकारियों ने शिक्षकों की सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने की मांग की। इस अवसर पर गुरु वचन, नवीन कुमार सिंह, उमेश चंद्र, संतोष त्रिपाठी, रवि गुप्ता, सुनील कुमार, अजय सोनकर और सुशील सिंह आदि उपस्थित रहे।