बलरामपुर। तुलसीपुर थाना क्षेत्र के कार्य स्थल से पान खाने घर जा रहे राजमिस्त्री को नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। राजमिस्त्री की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बाइक सवार की छानबीन की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार थाना सोनपुर में प्रेमपुर पुरैना निवासी राजेंद्र वर्मा (35) भवन निर्माण का काम कर रहा था। दोपहर करीब 1.30 बजे राजेंद्र पान खाने के लिए नेशनल हाईवे स्थित बाजार जा रहा था। अचानक तुलसीपुर से गैसड़ी की तरफ जा रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने राजेंद्र को टक्कर मार दी।
घटना स्थल पर ही राजेंद्र की मौत हो गई। तुलसीपुर प्रभारी निरीक्षक वकील पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की सूचना पर बाइक सवार की तलाश की जा रही है। बाइक का नंबर पता चल गया है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।