बलरामपुर। करवा चौथ का पर्व शुक्रवार को मनाया जाएगा। पति की लंबी आयु के लिए सुहागिन महिलाएं दिन भर निर्जला व्रत रखेंगी। देर शाम चांद देखने के बाद पूजन कर व्रत का परायण करेंगी।
करवा चौथ को लेकर कई दिनों से महिलाएं तैयारी में जुटी हुई हैं। साड़ी, शृंगार सामग्री, पूजन सामग्री व अन्य सामानों की जमकर खरीदारी कर रही हैं। पर्व से एक दिन पहले बृहस्पतिवार को बाजारों में चहल-पहल दिखी। दुकानों पर भीड़ उमड़ने से व्यापारियों के चेहरे भी खिल गए। महिलाओं ने पूजन सामग्री के साथ शृंगार की भी वस्तुएं खरीदीं। देर शाम तक मेहंदी के स्टॉल और ब्यूटी पार्लरों पर भी भीड़ जुटी रही। किसी ने मेहंदी की अरेबिक बेल लगवाई तो किसी ने ब्राइडल मेहंदी लगवाई। दोनों हाथों में मेहंदी के दाम 200 रुपये लेकर 500 रुपये तक लिए गए। वहीं पार्लर में भी वेटिंग नजर आई। महिलाओं को दो घंटे तक बैठकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
काॅटन सिल्क साड़ियाें की रही मांग
तुलसीपुर। करवा चौथ को लेकर साड़ियों की खरीदारी भी तेज हो गई है। नगर की दुकानों पर महिलाएं जुट रही हैं। इस बार करवा चौथ पर महिलाओं को जिम्मी छू व काॅटन सिल्क साड़ियां खूब भा रही हैं। दुकानदार रमेश अग्रवाल और सुनीता मिश्रा ने बताया कि साड़ियों की खरीदारी में 40 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। शशि देवी, कमलिका तिवारी और रीता ने बताया कि लाल, गुलाबी व नारंगी रंग की साड़ियां खरीदी हैं।
शृंगार सामग्रियों की बढ़ी डिमांड
करवा चौथ पर महिलाएं सोलह शृंगार कर पूजन करती हैं। ऐसे में बृहस्पतिवार को कॉस्मेटिक की दुकानों पर महिलाओं ने तरह-तरह के सामानों की खरीदारी। दुकानदार लकी व आकाश ने बताया कि मेहंदी, चूड़ी, कंगन, बिंदी, मेकअप किट की जमकर खरीदारी महिलाओं ने की है।
लैय्या व चूड़ा की जमकर हुई खरीदारी
करवा में लैय्या व चूड़ा भरकर पूजन किया जाता है। इसके लिए बाजार में लैय्या व चूड़ा की जमकर खरीदारी हुई। नगर के चौक बाजार व झारखंडी मंदिर के पास दुकानों पर भारी भीड़ दिखी। दुकानदार राशिद व संतोष ने बताया कि देर शाम तक लोगों ने लैय्या, चूड़ा, गट्टा व रेवड़ी आदि की खरीदारी की।
साल भर रहता है इंतजार
करवा चौथ का इंतजार साल भर रहता है। खुशी के कारण व्रत में भूख व प्यास भी नहीं लगती है। इस बार भी मैनें विशेष तैयारी की है।
डॉ. रुचि पांडेय, गुणवत्ता प्रबंधक संयुक्त जिला चिकित्सालय
करवा चौथ का अलग है महत्व
- सुहागिनों के लिए करवा चौथ पर्व का अलग महत्व है। अखंड सौभाग्य के लिए महिलाएं सोलर शृंगार कर चंद्र देव की पूजा करती हैं। मैने भी खास तैयारी की है।
- पूनम जायसवाल, सामाजिक कार्यकर्ता