फोटो-28-बलरामपुर के आनंदभवन में करवा चौथ पर पूजा अर्चना करती महिलाएं ।-संवाद
बलरामपुर। करवा चौथ पर बृहस्पतिवार को सुहागिनों में खास उत्साह देखने को मिला। पति की लंबी आयु और सुखी दांपत्य जीवन की कामना के साथ महिलाओं ने दिनभर निर्जला व्रत रखा। शाम को विधि-विधान से गौरी-गणेश की पूजा-अर्चना की और चंद्र दर्शन के बाद अर्घ्य दिया। इसके बाद पतियों के हाथ से जल ग्रहण कर व्रत का पारण किया। पतियों ने भी अपनी पत्नियों को उपहार भेंट कर पर्व की खुशियां साझा कीं।
करवा चौथ को लेकर महिलाओं ने सुबह से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। घरों में पूजा की थालियां सजाई गईं और महिलाओं ने परंपरागत तरीके से पूजन-अर्चन किया। नगर के आनंद भवन मंदिर में भी बृहस्पतिवार शाम सुहागिनें एकत्र हुईं और सामूहिक रूप से करवा चौथ की पूजा की। महिलाओं ने चंद्रमा को अर्घ्य देकर अपने पतियों की लंबी आयु की कामना की।
पहली बार व्रत रख रहीं आव्या और खुशी के चेहरों पर खास उत्साह देखने को मिला। उन्होंने बताया कि बचपन से ही वे अपनी दादी और मां को करवा चौथ का व्रत रखते हुए देखती थीं। तभी से उनकी भी शादी के बाद अपने पति की लंबी आयु के लिए निर्जला व्रत रखने की इच्छा थी। इस बार उन्हें पहली बार व्रत रखने का अवसर मिला है। उन्होंने बताया कि चांद का दीदार करने और पति के हाथ से जल ग्रहण करने के बाद वे व्रत का पारण करेंगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी करवा चौथ की रौनक रही। महिलाओं ने दिनभर उपवास रखा और शाम को पूजा-अर्चना की। चंद्रमा के निकलने का इंतजार करती रहीं सुहागिनों ने परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ पर्व मनाया। पूजा के बाद पतियों ने अपनी पत्नियों को उपहार भेंट कर उनके प्रति प्रेम और स्नेह जताया।
फोटो-28-बलरामपुर के आनंदभवन में करवा चौथ पर पूजा अर्चना करती महिलाएं ।-संवाद
फोटो-28-बलरामपुर के आनंदभवन में करवा चौथ पर पूजा अर्चना करती महिलाएं ।-संवाद