बलरामपुर। जिले में आयोजित समर्थ मॉड्यूल प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने वाले 26 शिक्षकों से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने स्पष्टीकरण मांगा है। बीएसए विकास चंद्र श्रीवास्तव ने संबंधित शिक्षकों को तीन दिन के भीतर साक्ष्यों सहित अपना पक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
बीएसए ने बताया कि जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों और शिक्षामित्रों के लिए समर्थ मॉड्यूल आधारित तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया था। प्रशिक्षण के प्रथम चरण का आयोजन 12 से 14 अक्तूबर तक और द्वितीय चरण का आयोजन 15 से 17 अक्तूबर तक किया गया था।
प्रथम चरण के प्रशिक्षण में 12 शिक्षक अनुपस्थित पाए गए, जबकि दूसरे चरण में 14 शिक्षक गैरहाजिर मिले। इस तरह दोनों चरणों में कुल 26 शिक्षक प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहे। बीएसए ने सभी संबंधित शिक्षकों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
उन्होंने संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को आदेश की प्रति उपलब्ध कराते हुए अनुपस्थित शिक्षकों से निर्धारित समय के भीतर स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया है। साथ ही, समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।