बलरामपुर। पचपेड़वा शिक्षा क्षेत्र की मनिकापुर न्याय पंचायत में रविवार को परिषदीय स्कूलों की खेलकूद प्रतियोगिता हुई। इसमें क्षेत्र के 18 स्कूलों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर दमखम दिखाया।
प्राइमरी स्तर पर आयोजित दौड़ प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय भगवानपुर की छात्रा मनीषा व लालपुर भवनडीह के सुरेंद्र पाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी विद्यालय के छात्र विकास ने ऊंची कूद में प्रथम स्थान हासिल किया। उच्च प्राथमिक स्तर की कबड्डी बालक वर्ग प्रतियोगिता में लालपुर भवनडीह व बालिका वर्ग में उच्च प्राथमिक विद्यालय सोनपुर की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी रामकुमार ने दीप जलाकर किया। न्याय पंचायत प्रभारी बसंत तिवारी व शिक्षक सुुरेश चौधरी ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देखकर सम्मानित किया। खेलों के आयोजन में संकुल सदस्य सुरेश चतुर्वेदी, आलोक पाठक, नौशाद, सुरेश व विवेकानंद समेत कई शिक्षकों ने अहम भूमिका निभाई।
पचपेड़वा के विशुनपुर विश्राम स्थित एकलव्य विद्या निकेतन में चल रही प्रतियोगिता रविवार को समाप्त हो गई। अंतिम दिन हुए फाइनल मुकाबलों में एकलव्य की बालिकाओं का दबदबा रहा। खो-खो के बालिका वर्ग में एकलव्य विद्या निकेतन की छात्राओं ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। बालक वर्ग में थारु शिक्षण संस्थान विजेता व उत्तर बनकटवा की टीम उपविजेता रही।
बालिका वर्ग की कबड्डी में भी एकलव्य विद्या निकेतन की बालिकाएं पहले स्थान पर रहीं। बालक वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में थारु शिक्षण संस्थान विजेता रहा। उत्तर बनकटवा की टीम को उपविजेता का पुरस्कार मिला। कोहरगड्डी की ग्राम प्रधान नीलम व मनोहर थारु ने विजेता टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर रामबहादुर, अजय प्रताप, धनीराम थारु, सहदेव, महादेवन, आलोक, बैजनाथ समेत तमाम लोग मौजूद रहे।