बलरामपुर। जिले में बृहस्पतिवार को मकर संक्रांति का पर्व उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। भोर पहर से ही श्रद्धालु पवित्र नदी व सरोवरों में स्नान कर भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना में जुट गए। स्नान के बाद मंदिरों में खिचड़ी का दान किया गया और जगह-जगह सामूहिक खिचड़ी भोज का आयोजन भी हुआ। मकर संक्रांति के साथ ही एक माह से बंद मांगलिक कार्य फिर से शुरू होंगे।
मान्यता है कि इस दिन सूर्य उत्तरायण होकर मकर राशि में प्रवेश करता है। झारखंडी मंदिर के मुख्य पुजारी सोनू गिरि बताते हैं कि इस दिन स्नान करने, सूर्य की पूजा करने और खिचड़ी दान देने से सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। तुलसीपुर स्थित देवी पाटन शक्तिपीठ में भोर पहर से ही भक्तों की भीड़ जुट गई। स्नान-ध्यान के बाद भक्तों ने गुरु गोरक्षनाथ को खिचड़ी चढ़ाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। घरों में भी लोगों ने स्नान व पूजा-पाठ के बाद अन्न और खिचड़ी का दान किया।
नगर के हनुमानगढ़ी मंदिर, समय माता मंदिर एवं संस्कृति महाविद्यालय आदि स्थानों पर खिचड़ी भोज का आयोजन किया गया। इसी तरह उतरौला, गैसड़ी, पचपेड़वा, जरवा, हरैया सतघरवा, ललिया, महराजगंज तराई, गौरा चौराहा, श्रीदत्तगंज, महदेइया बाजार, गैड़ास बुजुर्ग, पेहर बाजार, सादुल्लाहनगर व रेहरा बाजार आदि स्थानों पर भी मकर संक्रांति पर स्नान व खिचड़ी दान पूरे उत्साह के साथ किया गया।
शिव मंदिर पर हुआ खिचड़ी भोज
पिपरहवा चौराहा। क्षेत्र के ग्राम पंचायत लाल नगर सिपहिया में ककरहवा नाला स्थित प्राचीन शिव मंदिर पर भव्य खिचड़ी भोज का आयोजन किया गया। मंदिर के अध्यक्ष ज्ञान बाबू गुप्ता ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजन समाज को जोड़ने और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम संयोजक राजेश कुमार और अन्य स्थानीय नागरिकों के सहयोग से भजन-कीर्तन और सेवा कार्य पूरे दिन चलता रहा। इस अवसर पर तुलसीदास गुप्ता, शिवकुमार मिश्रा, आनंद मिश्रा, भगवान दास, लाल बहादुर वर्मा व अखिलेश्वर वर्मा आदि मौजूद रहे।