बलरामपुर। कोरोना महामारी को काबू में करने लिए लगाया गया लॉकडाउन लोगों की लापरवाही के चलते फेल होता दिखाई दे रहा है। लोग बेवजह घर से बाहर निकल रहे हैं। जिले में दिन प्रतिदिन कोरोना संक्रमितों की संख्या एवं मौत का खौफ भी लोगों में नहीं दिखाई दे रहा है। रविवार को सड़कों पर लोगों की खूब चहल-पहल दिखी। मास्क तो दूर लोग सोशल डिस्टेंसिंग का भी कोई पालन नहीं कर रहे हैं।
कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन की तरफ से 30 अप्रैल की रात्रि आठ बजे से चार मई की प्रात: सात बजे तक वीकेंड लॉकडाउन कर दिया गया।
कोरोना संक्रमण के बढ़ते रफ्तार में कमी न आने के चलते प्रशासन की तरफ से 10 मई की प्रात: सात बजे तक के लिए जिले में लॉकडाउन बढ़ा गया हैै। लॉकडाउन के 9वें दिन रविवार को शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों की सभी दुकानों के शटर बंद रहे लेकिन दुकानों के अंदर से कोरोबार होता रहा। सड़कों पर खूब चहल-पहल रही।
लॉकडाउन का कोई असर नहीं दिखा। सड़कों पर चलने वाले वाहनों की भरमार रही। वीकेंड लॉकडाउन में जरूरी सेवाओं को छोड़कर बाकी सभी लोगों को घरों के अंदर सुरक्षित रहने की हिदायत दी गई है। कंटेनमेंट जोन में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए निर्देश दिए गए हैं। सभी प्रकार के धार्मिक कार्यक्रमों को घर के अंदर ही कराया जाएगा।
परिवहन की बसें 50 प्रतिशत क्षमता के साथ चलेंगी। अंतिम संस्कार में 20 लोगों के शामिल होने की अनुमति होगी। प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया को परिचय पत्र के आधार पर आवागमन में छूट दी गई है।
आक्सीजन की सप्लाई के लिए ड्रग इंस्पेक्टर सरकारी व निजी अस्पतालों में अपने स्तर से कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन विभाग के कंट्रोल रूम से आक्सीजन से संबंधित समस्या का निराकरण होगा। अग्निशमन विभाग फागिंग कराएगा।
नियमों का पालन कराने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। डीएम श्रुति ने बताया कि 10 मई की प्रात: सात बजे तक लगाए गए आंशिक कोरोना कर्फ्यू का अनुपालन कराने के लिए तीनों तहसीलों के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ जिले के सभी कोतवाली व थानों के प्रभारी निरीक्षकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं।