बलरामपुर। लोकसभा चुनाव के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सपा नेता व वन निगम के पूर्व अध्यक्ष सलिल सिंह टीटू के सिनेमा हाॅल का लाइसेंस निलंबित किया गया है। जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने तहसीलदार सदर अरविंद श्रीवास्तव को सिनेमा हाॅल का रिसीवर नियुक्त किया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि टीटू के बहराइच रोड पर पहलवारा स्थित सिनेमा हाॅल का वर्ष 2024-25 के लिए नवीनीकरण का आवेदन किया गया था। इसे नियमों के तहत सक्षम प्राधिकारी जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष सीधे प्रस्तुत ही नहीं किया गया। इस पर आवेदन की जांच कराई गई तो सिनेमा हॉल में सुरक्षा मानक पूरे न होने की बात सामने आई। सिनेमा हाॅल परिसर में ट्रांसफार्मर, अव्यवस्थित कंट्रोल रूम, खुले हुए तारों एवं खुले हुए बिजली के स्विच बोर्डों को सही कराने, शौचालय आदि की सुविधा दुरुस्त कराने के निर्देश का पालन नहीं किया गया। इस पर लाइसेंस निलंबित कर सुनवाई का एक अवसर दिया गया है। सिनेमा हॉल संचालक का पक्ष सुनकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।