महराजगंज तराई (बलरामपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के लालबोझी गांव में मंगलवार की रात तेंदुआ दिखाई दिया। तेंदुआ दिखने से गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने डीएफओ से तेंदुए को पकड़वाने की मांग की है।
ग्रामवासी रामगोपाल वर्मा, धर्मेंद्र सिंह व लक्ष्मण यादव ने बताया कि वह लोग रात में फसल की रखवाली के लिए खेत में गए थे। खेत के पास पहुंचे तो तेंदुआ दिखाई दिया। वह लोग भागकर गांव पहुंचे और अन्य लोगों को सूचना दी। ग्रामीणों ने हल्ला गुहार मचाया तो तेंदुआ गन्ने की खेत में घुस गया। गांव में तेंदुआ दिखने से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों का कहना है कि आसपास के गांवों में तेंदुआ आए दिन दिखता है, जिसके कारण हम लोग रात में घर से बाहर नहीं निकलते हैं। आवश्यक कार्य से बाहर निकलना होता है तो तेंदुए का डर लगा रहता है। इन लोगों ने तेंदुए को पकड़वाए जाने की मांग डीएफओ से की है। बहरवा रेंज के वन दारोगा सूरज पांडेय ने बताया कि वन विभाग की टीम गांव में भेजी गई है। ग्रामीणों को सतर्क रहने का सुझाव दिया गया है।
इसी तरह गैसड़ी थाना क्षेत्र के जिगनिहवा व बखरकोटवा गांव के पास भी पिछले कई दिनों से तेंदुआ दिख रहा है। पहाड़ी भाभर नाला के पास तेंदुए को पगचिह्न भी देखे गए हैं। ग्रामीण बच्चूलाल के खेत में दो दिन पहले तेंदुआ दिखाई दिया था। ग्रामीणों ने हल्ला गुहार मचाया तो तेंदुआ भाभर नाला की तरफ भाग गया। ग्रामीण धनीराम, जाकिर हुसैन, अरुण गुप्त, राधेश्याम व सीताराम आदि ने बताया कि तेंदुआ रात होते ही गांव के किनारे आ जाता है। तेंदुए के डर से लोगों ने खेतों में जाना बंद कर दिया है। बीते दिनों तेंदुए ने जाकिर अली की बकरी को निवाला भी बनाया था। ग्रामीणों ने बताया कि वन विभाग को सूचना देने पर तेंदुए की निगरानी के लिए गांव के पूरब तरफ सीसीटीवी कैमरा लगवाया गया है। इन लोगों ने गांव में पिंजरा लगवाए जाने की मांग की है।