पिपरहवा चौराहा। जनकपुर रेंज क्षेत्र में फिर से तेंदुए की सक्रियता ने ग्रामीण सहम गए हैं। शनिवार रात करीब आठ बजे ग्राम पंचायत भंगहा कला के मजरे शिवानगर के पास तेंदुआ दिखाई देने से दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने शोर मचाकर किसी तरह तेंदुए को जंगल की ओर खदेड़ा।
ग्रामवासी वीरबहादुर, संजय, अकलीम, राजू, सहदेव, ननकने, रमेश आदि ने बताया कि तेंदुआ गांव के बाहरी छोर पर घूमता नजर आया। उन्होंने शोर मचाया और मशालें जलाकर उसे खदेड़ा। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले सप्ताह बुधवार सुबह भी तेंदुए ने खेत से लौट रहे दुलारे (65) पर हमला कर दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनकी हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है। तेंदुए की दहशत के चलते ग्रामीण अब रातभर जागकर पहरा दे रहे हैं। खेतों में कामकाज ठप हो गया है और महिलाएं-बच्चे घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वन विभाग की ओर से न तो गश्त की जा रही है और न ही पिंजरा लगाया गया है। रेंजर अमरजीत प्रसाद ने बताया कि गांव के पास तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिली है। टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। स्थिति पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे स्वयं जंगल की सीमा पर सामूहिक निगरानी शुरू करेंगे। फिलहाल गांव में दहशत का माहौल है।