हरैया सतघरवा (बलरामपुर)। घर में घुसकर तेंदुए ने रात के समय बकरी को अपना निवाला बना लिया। गांव में तेंदुए के आने से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से जंगली जानवरों से सुरक्षा की गुहार लगाई है। वन विभाग के अधिकारी ने सतर्क रहने की सलाह दी है।
हरैया थाना क्षेत्र के गंगापुर भितवरिया गांव में तेंदुए ने रात के समय पहुंचकर नानबाबू के बकरे को अपना निवाला बना लिया। नानबाबू ने शनिवार को बताया कि घर में तेंदुए के आने से बकरियां चिल्लाने लगी जिससे परिवार के लोग जाग गए और शोर मचाना शुरू किया।
गांव के लोग मौके पर पहुंचे और टॉर्च की रोशनी जलाकर तेंदुए को जंगल की तरफ खदेड़ने का प्रयास किया। ग्रामीण पंकज मिश्र, विशाल, धनंजय, प्रहलाद, खेदू व नानबाबू ने बताया कि तेंदुआ प्रेम नरायन मिश्र के बाग में भागकर छिप गया है। जंगल की तरफ खदेड़ने का प्रयास किया गया लेकिन बाग में ही तेंदुआ जमा हुआ है।
बाग गांव के पास होने के चलते ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों ने रेंजर को फोन करके सुरक्षा की गुहार लगाई है। बरहवा रेंजर राकेश सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीम रात में गश्त कर रही है। ग्रामीण रात के समय जंगली जानवरों से खुद को सुरक्षित रखें। मौके पर टीम भेजी जा रही है।