बलरामपुर के अतपरी गांव के पास मिले शावक को दिखाते ग्रामीण।
हरैया सतघरवा (बलरामपुर)। सोहेलवा वन्यजीव प्रभाग के बनकटवा रेंज स्थित अतरपरी गांव में निर्माणाधीन पुल के पास मंगलवार की सुबह तेंदुए का बच्चा (शावक) घूमते हुए मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम तेंदुए के बच्चे को रेंज कार्यालय ले आई। जहां शावक का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया।
बनकटवा रेंज के क्षेत्रीय वनाधिकारी केके त्यागी ने बताया कि अतरपरी गांव के निकट पहाड़ी नाले पर पुल बन रहा है। पुल के पास ग्रामीणों ने तेंदुए का शावक देखा। उन्होंने इसकी सूचना रेंज कार्यालय पर दी। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए के शावक को कब्जे में ले लिया।
बनकटवा रेंज कार्यालय पर लाकर शावक को दूध पिलाया गया। प्रभागीय वनाधिकारी एम सेम्मारन के निर्देश पर शावक का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। नर शावक की उम्र लगभग 10 दिन बताया जा रहा है। परीक्षण में शावक पूरी तरह से स्वस्थ पाया गया। रेंज कार्यालय पर मौजूद वन विभाग के एसडीओ एनबी सिंह ने बताया कि शावक को इसके मां के पास पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। वन्य जीव विशेषज्ञ से सलाह लेकर उचित स्थान पर शावक को छोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि अतरपरी के ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा गया है। क्योंकि मादा तेंदुआ शावक की तलाश में आसपास ही हो सकती है।