महराजगंज तराई। बरहवा रेंज के ग्राम अमरहवा में बृहस्पतिवार रात तेंदुआ पहुंच गया। गांव के लौटन अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब 9 बजे उन्हें छत पर किसी के चलने की आवाज सुनाई दी। जैसे ही उन्होंने सीढ़ियों की ओर जाकर टॉर्च जलाई, छत पर तेंदुआ खड़ा था।
तेंदुए को देखकर परिवार के लोग भयभीत हो गए और हल्ला-गुहार करने लगे। इसी दौरान ग्रामीण भी इकट्ठा हुए। शोर सुनकर तेंदुआ छत से कूद कर जंगल की ओर भाग गया। घटना के बाद पूरे गांव में डर का माहौल है। ग्राम प्रधान राजू यादव, शिवशंकरन मिश्रा, पंकज शिवप्रसाद, जानकी व अन्य ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़वाने की मांग की है। बरहवा रेंज के रेंजर बृजेश सिंह परमार ने बताया कि तेंदुए की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम गांव भेजी गई है। ग्रामीणों से सावधानी बरतने और बच्चों को रात में घर के बाहर न निकलने की हिदायत दी है।