बलरामपुर में कड़ाके की ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े से ढककर बाइक से जाते लोग।
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। कड़ाके की ठंड से मंगलवार को भी जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। दिन भर घने कोहरे के चलते सड़क व रेल वाहनों के आवागमन पर ब्रेक लगा रहा। कड़ाके की ठंड से बचाने के लोगों ने प्रशासन से गरीबों व बेसहारों के लिए मदद की गुहार लगाई।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पारा गिरने के चलते कड़ाके की ठंड का प्रकोप बढ़ गया। दिन भर धूप न निकलने से गरीबों व बेसहारों को घरों में दुबकना पड़ा। नगर पालिका परिषद उतरौला व नगर पंचायत तुलसीपुर के नगरवासियों ने अपने तहसील के एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर सार्वजनिक स्थलों व चौराहों पर अलाव जलवाए जाने और गरीबों व बेसहारों के लिए कंबल आदि का वितरण कराए जाने की मांग की है।
तहसीलदार तुलसीपुर कृष्ण गोपाल ने बताया कि हल्का लेखपाल व राजस्व निरीक्षक को अलाव जलवाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कंबल वितरण कराने के लिए तैयारियां शुरु कर दी गई है। उधर उतरौला एसडीएम अरुण कुमार गौड़ ने बताया कि ईओ नगर पालिका परिषद उतरौला को सार्वजनिक स्थलों व चौराहों पर अलाव जलवाने का निर्देश दिया गया है। कंबल वितरण कराए जाने के इंतजाम किए जा रहे है। बलरामपुर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष प्रतिनिधि शाबान अली ने बताया कि नगर के सभी 25 वार्डो में सार्वजनिक स्थलों व चौराहों पर अलाव जलवाए जा रहे हैं। शीघ्र ही कंबल वितरण भी कराया जाएगा।