तुलसीपुर में खोदी गई सड़क ।-संवाद
तुलसीपुर। नगर के हनुमानगढ़ी चौराहे पर पिछले 10 दिनों से जारी पाइपलाइन लीकेज की समस्या के समाधान का दावा जल निगम ने किया है। रविवार को पुरानी पाइपलाइन की जगह नई पाइपलाइन डाली गई है, फिलहाल लीकेज बंद है। शहर में जलापूर्ति भी शुरू हो गई है। परेशान नगरवासियों में राहत की सांस ली है।
जल निगम के अधिशासी अधिकारी कुणाल पाराशर ने बताया कि नई पाइपलाइन डालने के बाद लीकेज पूरी तरह बंद हो गया है। पाइप पर दबाव न पड़े इसके लिए बाहर से मिट्टी मंगाकर गड्ढे को भरा गया है। उन्होंने कहा कि 24 घंटे स्थिति की निगरानी की जाएगी। यदि रिसाव नहीं होता है तो सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा। शनिवार को जल निगम द्वारा हाथ से खोदाई कर पाइपलाइन की जांच की गई थी। पुरानी सीमेंट पाइप की कई जगह टूट-फूट सामने आने पर शनिवार को टूटे हुए हिस्से में नई पाइपलाइन बिछाई गई। विभाग का कहना है कि पुरानी लाइन की बार-बार मरम्मत के बाद भी सफलता न मिलने पर यह निर्णय लिया गया। व्यापारी अनूप गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, चारण स्वरूप शर्मा सहित स्थानीय लोगों ने बताया कि नई पाइपलाइन लगने के बाद उम्मीद है कि अब समस्या खत्म हो गई, लेकिन पिछले अनुभवों के कारण पूरी तरह विश्वास तभी होगा जब रिसाव दोबारा न हो।