बलरामपुर। आपदा राहत कोष में हुए घोटाले के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने आंदोलन तेज कर दिया है। जिला बार एसोसिएशन की शुक्रवार को हुई बैठक में न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय करते हुए चेताया कि यदि 13 जुलाई तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो कोतवाली नगर का घेराव कर विरोध-प्रदर्शन होगा।
दी कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कमलेश्वर सिंह ने बताया कि आपदा राहत कोष घोटाले में नामजद आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे अधिवक्ताओं में भारी रोष व्याप्त है। इसके विरोध में अधिवक्ता 13 जुलाई को न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे और कोतवाली नगर पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता चंद्र प्रकाश त्रिपाठी के निधन पर अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे और श्रद्धांजलि अर्पित की।
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मुर्तजा हुसैन खान एवं महामंत्री संजय तिवारी ने बताया कि इसकी सूचना जिला एवं सत्र न्यायाधीश को भेज दी गई है। पुलिस को दो दिन का मौका दिया गया है। रविवार शाम तक यदि गिरफ्तारी नहीं हो जाता है तो सोमवार को पूर्ण कार्य बहिष्कार कर नगर कोतवाली का घेराव किया जाएगा।