फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: बिजली विभाग के छापे से भड़के अधिवक्ता, हंगामा

विज्ञापन
बलरामपुर के बिजली विभाग में एक्सईएन से वार्ता करते अ​धिवक्ता ।-संवाद
विज्ञापन
बलरामपुर। नगर के कालीथान निवासी अधिवक्ता समीर यादव के घर बिजली विभाग और विजिलेंस टीम बिना महिला कर्मी के घुस गई। इससे अधिवक्ता आक्रोशित हो गए। अधिवक्ताओं ने जबरन घर में घुसकर अभद्रता किए जाने का आरोप लगाकर शुक्रवार को विजिलेंस और अधीक्षण अभियंता के कार्यालय का घेराव किया। हंगामा बढ़ने पर एसडीएम और सीओ ने पहुंचकर अधिवक्ताओं से बात की। इसके बाद मामला शांत हुआ। वहीं मामले को देवीपाटन मंडल के मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने गंभीरता से लिया है। डीएम व एसपी से वार्ता कर बिजली अधिकारियों की सुरक्षा की मांग की है।
विज्ञापन

अधिवक्ताओं का आरोप है कि शुक्रवार सुबह करीब सात बजे बिजली विभाग की टीम सादे कपड़ों में मीटर जांच के बहाने अधिवक्ता के घर पहुंची। टीम ने बिना अनुमति घर में प्रवेश करने का प्रयास किया और विरोध करने पर परिवार के सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार किया। अधिवक्ताओं का कहना है कि टीम के साथ कोई महिला कर्मचारी मौजूद नहीं थी, इसके बावजूद घर के अंदर जाने की कोशिश की गई और महिलाओं के साथ भी अशोभनीय व्यवहार किया गया। इसे कानून और नियमों का खुला उल्लंघन बताया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता एकत्र हो गए और पहले विजिलेंस कार्यालय पहुंचकर घेराव कर विरोध जताया। इसके बाद सभी अधिवक्ता अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंच गए, जहां अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषी कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की गई। इस दौरान अधिवक्ताओं और विभागीय अधिकारियों के बीच तीखी नोंकझोंक भी हुई, जिससे माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गया।
विज्ञापन

सदर एसडीएम हेमंत कुमार गुप्त और सीओ सिटी ज्योतिश्री पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अधिवक्ताओं से वार्ता कर उन्हें शांत कराया। अधिकारियों ने अधिवक्ताओं को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। अधीक्षण अभियंता अजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। यदि जांच में कोई कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन में जिला बार अध्यक्ष अजय बहादुर सिंह, कलेक्ट्रेट बार संघ अध्यक्ष रमेश चंद त्रिपाठी और महामंत्री कमलेश्वर सिंह ने किया। इस दौरान अनिल शुक्ल, अमित पांडेय, अभिनव त्रिपाठी, देवेश पांडेय, संदीप पांडेय, अनुराग देव आचार्य, सौरभ सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
अभद्रता से किया इन्कार, जांच की बात मानी
अधिवक्ताओं के आरोपों से विजिलेंस टीम के प्रभारी उमेश्वर प्रताप ने इन्कार किया। उन्हाेंने कहा कि बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ जांच की गई थी। एसडीओ से पूरी जानकारी मिल सकेगी। वहीं बिजली विभाग के एसडीओ पिंटू यादव ने बताया कि जांच में बिजली चोरी का मामला सामने आया है। जांच में चार किलोवाट की बिजली चाेरी की पुष्टि हुई है। विजिलेंस टीम मामले में कार्रवाई कर रही है। अभद्रता का आरोप गलत है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें