बलरामपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री मॉडल स्कूल के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। विद्यालय के लिए भूमि चिह्नित कर ली गई है और संबंधित प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। अब विभाग को बजट स्वीकृति का इंतजार है। बजट मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी है।
जिले के सदर विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से मुख्यमंत्री मॉडल स्कूल की स्थापना की प्रक्रिया चल रही थी। शासन द्वारा जिले में दो मॉडल स्कूल स्वीकृत किए गए थे एक उतरौला विधानसभा क्षेत्र में और दूसरा सदर विधानसभा क्षेत्र में।
उतरौला क्षेत्र में निर्माण कार्य पहले ही शुरू हो चुका है, जबकि सदर क्षेत्र में पहले चिह्नित भूमि उद्यान विभाग की होने के कारण अटकाव पैदा हो गया था। इस भूमि के लिए एनओसी प्राप्त करना आवश्यक था, जिससे प्रक्रिया में देरी हो रही थी। इसी कारण वैकल्पिक भूमि की तलाश की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है।
अब सदर ब्लॉक के महादेव मिश्र गांव में लगभग आठ एकड़ भूमि मॉडल स्कूल के लिए चिह्नित की गई है। भूमि उपलब्ध होने के बाद प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है।
प्रस्ताव में स्पष्ट किया गया है कि विद्यालय भवन, कक्षाएं, पुस्तकालय, डिजिटल स्टडी सेंटर और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। यह मॉडल स्कूल कक्षा 1 से 12 तक के छात्रों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान करेगा।
आधुनिक शिक्षण सुविधाओं और अनुभवी शिक्षकों से युक्त यह विद्यालय आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी छात्रों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगा। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को बड़े शहरों की ओर पलायन करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
सदर विधायक पल्टूराम ने भी प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति दिलाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि यह स्कूल क्षेत्र को शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, बजट स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाएगा।