बलरामपुर के जीसस एंड मेरी स्कूल एंड काॅलेज में परीक्षा परिणाम आने के बाद जश्न मनाते विद्यार्थी।
लरामपुर। आईएससी (12) व आईसीएसई (10) का परीक्षा परिणाम बुधवार को घोषित कर दिया गया। जीसस एंड मेरी स्कूल के छात्र कृतिक सिंधी ने हाईस्कूल में 96.8 व हर्षिका सिंह ने इंटर में 97.8 प्रतिशत अंक हासिल करके जिले में टॉप किया है। जिले में 301 विद्यार्थियों ने हाईस्कूल की परीक्षा दी थी, जिसमें 285 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। इस तरह हाईस्कूल में 94.68 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए। वहीं इंटरमीडिएट की परीक्षा में 214 विद्यार्थी शामिल हुए थे, जिसमें 203 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। इंटरमीडिएट में 94.85 प्रतिशत विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है।
जिले में आईएससी व आईसीएसई बोर्ड से संबद्ध जीसस एंड मेरी स्कूल एंड कॉलेज बलरामपुर एवं स्टार वर्ड्स पब्लिक स्कूल संचालित है। बुधवार की सुबह 11 बजे परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। परिणाम देखने के लिए विद्यार्थियों में गजब का उत्साह दिखा। दोनों विद्यालयों में विद्यार्थियों के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक भी मौजूद रहे। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही मेधावियों को बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया।
जीसस एंड मेरी स्कूल एंड कॉलेज में हाईस्कूल में 176 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। प्रधानाचार्य क्रेग बटरफील्ड ने बताया कि 173 बच्चे उत्तीर्ण हुए हैं। कृतिक सिंधी 96.8 प्रतिशत अंकों के साथ जिले के टॉपर बने हैं। वहीं प्रखर आयुष ने 96.3 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा व प्रिया श्रीवास्तव ने 95.8 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया है। इसी तरह इंटरमीडिएट में 147 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिसमें से 142 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। विद्यालय की सफलता का प्रतिशत 96.53 रहा।
इंटरमीडिएट में 97.8 प्रतिशत अंकों के साथ हर्षिका सिंह ने जिले में टॉप किया है। वहीं सक्षम श्रीवास्तव ने 96.8 प्रतिशत के साथ दूसरा व सूर्य प्रताप सिंह ने 95.5 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया है। विद्यालय की प्रशासक नताशा बटरफील्ड, जोजो फर्नांडीज, एलबी सिंह, एसबी सिंह, रशीद खां व सत्येंद्र कुमार सिंह आदि शिक्षकों ने विद्यार्थियों को सफलता के लिए बधाई दी। स्टार वर्ड्स पब्लिक स्कूल के प्रबंधक विनोद सिंह कलहंस ने बताया कि हाईस्कूल में 125 के सापेक्ष 112 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। इंटरमीडिएट में 67 के सापेक्ष 61 विद्यार्थियों ने परीक्षा पास की है। विद्यालय की सफलता 91.4 प्रतिशत रही।