बलरामपुर। फर्जीवाड़ा में दो बैंक प्रबंधक समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। फर्जी चेक से स्वयं सहायता समूह के खाते से एक लाख 35 हजार रुपये निकाले जाने पर कार्रवाई हुई है। बैंक कर्मियों ने स्थानीय लोगों से मिलीभगत करके समूह को आवंटित अनुदान निकाल लिया था, जांच के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी।
मामले में रेहरा बाजार थाना की पुलिस ने असिस्टेंट मैनेजर अतिन सक्सेना निवासी डी 4/314 विजयंत खंड गोमती नगर लखनऊ, असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर प्रकाश सौरभ पाल निवासी 670 ए श्यान नगर कानपुर नगर, सुशील तिवारी उर्फ दुर्गादत्त तिवारी निवासी रेहरा बाजार, रामबाबू गुप्ता उर्फ गुड्डू निवासी ग्राम अधीनपुर रेहरा बाजार व रिंकू शर्मा उर्फ कौशल कुमार निवासी रेहरा बाजार को गिरफ्तार किया है।
एसपी विकास कुमार ने बुधवार को बताया कि 27 अप्रैल को सीमा देवी ने रेहरा बाजार थाने में तहरीर दी थी। कहा था कि संगम स्वयं सहायता समूह ग्राम पंचायत बंजरिया हुसैन के खाते में यूपी एसआरएलएम से एक लाख 10 हजार रुपये मिले थे।
ब्याज जोड़कर खाते में एक लाख 36 हजार 253 रुपये थे। आरोप है कि विपक्षी राम बाबू गुप्ता व सुशील तिवारी ने मिलकर नकद निकासी का चेक जारी करके 14 फरवरी को समूह के खाते से फर्जी तरीके से एक लाख 35 हजार रुपये निकाल लिए। मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस टीम ने राम बाबू व सुशील तिवारी को बस स्टैंड से और विवेचना से प्रकाश में आए तीन सह आरोपी असिस्टेंट मैनेजर अतिन सक्सेना, असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर प्रकाश सौरभ पाल व रिंकू शर्मा उर्फ कौशल कुमार को इंडियन बैंक शाखा रेहरा बाजार से गिरफ्तार कर लिया गया।