फोटो-35-बलरामपुर के कंपोजिट विद्यालय बरदहवा में मौजूद विद्यार्थी ।-स्रोत: विभाग
तुलसीपुर। क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय बरदहवा में सोमवार को बाल संसद चुनाव कराया गया। इसमें विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था और निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न पदों के लिए चुनाव चिह्न के साथ प्रचार किया और अपने विचार व योजनाएं साथियों के सामने रखीं।
बलरामपुर देहात इंडिया संस्था के समन्वयक विशाल उनियाल ने बताया कि निर्धारित निर्वाचन प्रक्रिया के तहत मतदान कराया गया। मतगणना के बाद 25 मत पाने वाली कोमल को प्रधानमंत्री चुना गया। वहीं सीबू को सूचना मंत्री, प्रमोद को खेल मंत्री, रुचि को स्वास्थ्य मंत्री, रमेश को शिक्षा मंत्री और राहुल को रक्षामंत्री चुना गया।
प्रधानाध्यापक जमील अहमद ने नव निर्वाचित बाल संसद प्रतिनिधियों को बधाई दी। विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन करने और विद्यालय के विकास में सहयोग करने का संकल्प लिया। इस दौरान शिक्षक देवी प्रसाद मिश्र, ब्रजेश यादव, अजय कुमार और पवन कन्नौजिया आदि मौजूद रहे।